मुंबई: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के मामलों पर तेजी से सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। हाईकोर्ट ने औरंगाबाद और नागपुर में दो स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित की हैं। इन अदालतों में NEET परीक्षा पेपर लीक और इससे जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई की जाएगी।
केंद्र सरकार के निर्देशों पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, यह फैसला केंद्र सरकार के निर्देशों और चार हाईकोर्ट बॉम्बे, दिल्ली, कलकत्ता और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के अधिकार क्षेत्र में परीक्षा से जुड़े मामलों की त्वरित सुनवाई की प्राथमिकता के तहत लिया गया है। इसका उद्देश्य परीक्षा घोटालों से जुड़े मामलों का जल्द निपटारा करना है।
NEET ट्रायल भी इसी कोर्ट में चलेगा
हालांकि NEET पेपर लीक मामले में अभी चार्जशीट दाखिल होना बाकी है, लेकिन चार्जशीट दाखिल होने के बाद इस मामले की सुनवाई भी इन्हीं स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होने की संभावना है। इसके अलावा अन्य सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं से जुड़े मामलों की भी सुनवाई यही अदालतें करेंगी।
बता दें स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनने से पेपर लीक मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है। इससे आरोपियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई संभव होगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
विशेष अदालतों के गठन को परीक्षा प्रणाली में सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे लंबे समय से लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी और भविष्य में परीक्षा घोटालों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

