वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका ने अपनी आजादी के 250 वर्ष पूरे होने पर पूरे देश में भव्य समारोहों का आयोजन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर राजधानी वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए अमेरिका की लोकतांत्रिक विरासत और वैश्विक नेतृत्व पर जोर दिया। हालांकि खराब मौसम, तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय से कुछ देर बाद शुरू हुआ, लेकिन मौसम साफ होते ही समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
ट्रम्प का कम्युनिज्म पर तीखा हमला
बता दें अपने संबोधन में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कम्युनिज्म को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि-
“अमेरिका में कम्युनिज्म के लिए कोई जगह नहीं है। यह विचारधारा हमेशा असफल रही है और आगे भी असफल ही रहेगी। अमेरिकी सैनिकों ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कम्युनिज्म के खिलाफ संघर्ष किया, ताकि यह विचारधारा कभी अमेरिकी लोकतंत्र और मूल्यों को प्रभावित न कर सके।“
ऐतिहासिक आतिशबाजी ने बनाया रिकॉर्ड
वहीं राष्ट्रपति के संबोधन के बाद नेशनल मॉल में करीब 40 मिनट तक शानदार आतिशबाजी का आयोजन किया गया। इस दौरान 8.5 लाख से अधिक फायरवर्क्स आसमान में छोड़े गए, जिससे राजधानी का आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। व्हाइट हाउस ने दावा किया कि यह अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा स्वतंत्रता दिवस फायरवर्क शो था।
यह भी पढ़ें-
खामेनेई के अंतिम दर्शन में उमड़ा जनसैलाब, लाखों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
देशभर में दिखा जश्न का माहौल
जानकारी के अनुसार, 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर अमेरिका के विभिन्न राज्यों और शहरों में परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति संगीत, सामुदायिक आयोजन और आतिशबाजी का आयोजन किया गया। लाखों लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ इस ऐतिहासिक दिन का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यह आयोजन केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि अमेरिका के इतिहास, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक भी माना गया।

