नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शनों के दौरान पुलिस द्वारा की जा रही कथित निगरानी (सर्विलांस) को लेकर मामला अब दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। JNU छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष आइशी घोष की ओर से दायर याचिका पर शुक्रवार को जल्द सुनवाई की मांग की गई, जिस पर हाई कोर्ट ने भरोसा दिलाया कि मामले की सुनवाई सोमवार को की जाएगी।
बता दें याचिका में आरोप लगाया गया है कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे लोगों की लगातार फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और निगरानी की जा रही है, जिससे प्रदर्शनकारियों की निजता और संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
याचिका में क्या कहा गया है?
याचिका में दावा किया गया है कि प्रदर्शनकारियों की लगातार निगरानी करना निजता के अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार का उल्लंघन है।
यह भी पढ़ें-
मुर्शिदाबाद में दर्दनाक रेल हादसा: स्कूल वैन को ट्रेन ने मारी टक्कर, 3 की मौत
याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और सर्विलांस को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए जाएं।
सोमवार को होगी अहम सुनवाई
वहीं दिल्ली हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द सुनवाई का आश्वासन दिया है। अब इस याचिका पर सोमवार को सुनवाई होगी, जहां अदालत दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आगे के निर्देश दे सकती है।

