सागर: नकली शराब मामले में आरोपी चंदू राजा और उसके परिवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मकान और जमीन पर कार्रवाई के बाद अब प्रशासन ने परिवार की पंचायत में बनी पकड़ पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। चंदू राजा की बहू को सरपंच पद से हटाने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर कलेक्टर स्तर से कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है।
बहू की सरपंची पर संकट आ गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद परिवार का पंचायत में प्रभाव लगभग खत्म होने की स्थिति में पहुंच गया है।
शराब कांड के बाद लगातार हो रहा एक्शन
बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब का मामला सामने आने के बाद चंदू राजा का नाम प्रमुख आरोपियों में आया था। पुलिस जांच में ततरवारा क्षेत्र में अवैध तरीके से शराब तैयार करने और उसकी सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब भी मिली थी। जिसके बाद चंदू राजा के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद उसके ठिकानों पर प्रशासन ने कार्रवाई की। उसके मकान को भी बुलडोजर से गिराया गया। ततरवारा में उससे जुड़े खेत और पत्थर खदान तक की जांच की गई है।
यह भी पढ़े:‘SP महीने के 50-60 लाख लेते हैं’, सागर शराब कांड में दिग्विजय का सनसनीखेज आरोप
अब पंचायत की कुर्सी पर कार्रवाई
इस पूरे मामले में अब प्रशासन की कार्रवाई पंचायत तक पहुंच गई है। चंदू राजा के परिवार से जुड़ी सरपंची को लेकर कलेक्टर ने प्रक्रिया शुरू की है। बहू को पद से हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि उसके पति पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी है।

