छत्तीसगढ़: नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सुकमा-बीजापुर में 14 माओवादी ढेर

शेयर करे
रायपुर ; छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों ने नक्सलवाद के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम दिया है। सुकमा और बीजापुर जिलों में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 14 माओवादियों को ढेर कर दिया गया। इनमें सुकमा में 12 तथा बीजापुर में 2 माओवादी शामिल हैं। मारे गए उग्रवादियों के पास से कई हथियार, गोला-बारूद और उनके शव बरामद किए गए हैं।
बीजापुर में अलग से चले सर्च ऑपरेशन में दो माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई। स्थानीय एसपी किरण चव्हाण और जितेंद्र यादव ने मौके पर नेतृत्व किया। सर्चिंग अभी भी जारी है और अतिरिक्त नुकसान की आशंका बनी हुई है।
बस्तर आईजी पी. सुंदरराज के अनुसार, खुफिया इनपुट पर आधारित इस अभियान में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और अन्य बलों ने सुकमा के घने जंगलों में सुबह से कार्रवाई शुरू की। यहां कोंटा एरिया कमेटी के प्रमुख सदस्य मंगडू समेत कई हाई-प्रोफाइल कैडर खत्म हुए, जिससे माओवादी संगठन को गहरा नुकसान पहुंचा है।
नक्सलवाद पर बड़ी उपलब्धि ; 
यह 2026 की शुरुआत में नक्सल विरोधी मोर्चे पर बड़ी उपलब्धि है, जो केंद्र की 2026 तक नक्सलवाद मुक्त भारत की समयसीमा के अनुरूप है। पिछले वर्ष राज्य में 280 से अधिक माओवादी मारे जा चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार दबाव और सरेंडर पॉलिसी से उग्रवादी कमजोर हो रहे हैं।