Saturday, September 19, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsCM डॉ. मोहन यादव ने 7,400 विद्यार्थियों को बांटी ई-स्कूटी, मोटराइज्ड वाहन...

CM डॉ. मोहन यादव ने 7,400 विद्यार्थियों को बांटी ई-स्कूटी, मोटराइज्ड वाहन के लिए दी राशि

भोपाल: सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए शनिवार को भोपाल में राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7,400 विद्यार्थियों को ई-स्कूटी और मोटराइज्ड वाहन खरीदने के लिए राशि वितरित की। पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में राशि सीधे भेजी गई। मुख्यमंत्री ने कुछ विद्यार्थियों को मंच से सांकेतिक रूप से चाबी सौंपकर सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूटी विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी अब सीए, डॉक्टर, वकील सहित अलग-अलग क्षेत्रों में करियर बनाने का लक्ष्य तय कर रहे हैं। आर्थिक स्थिति प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए।

सीएम ने छात्रों से पूछा- आगे क्या बनना है?

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूटी पाने वाले विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके भविष्य के लक्ष्य जाने। भोपाल की खुशी राय ने बताया कि वह बीकॉम के साथ सीए की तैयारी कर रही हैं। 95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले शब्द अहिरवार ने भी सीए बनने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि माता-पिता नहीं हैं और वह चाचा-चाची के साथ रहते हैं।

95.2 प्रतिशत अंक पाने वाले आकाश साहू ने बताया कि वह एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहे हैं और आगे कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं। उनके पिता गेहूं और सोयाबीन की खेती करते हैं। आकाश ने फल-सब्जियों की ऑनलाइन आपूर्ति का काम शुरू करने की योजना भी बताई।

81 प्रतिशत अंक पाने वाली सानिया ने भी सीए बनने का लक्ष्य बताया। उसने कहा कि उसके पिता ऑटो चलाते हैं और मां गृहिणी हैं। मुख्यमंत्री ने उसे वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा का ध्यान रखने की सलाह दी।

यह भी पढ़े: नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान गिरफ्तार, कांग्रेस ने शुभेंदु अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप

स्कूल शिक्षा के लिए 38 हजार करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्कूल शिक्षा का बजट लगातार बढ़ाया गया है। उनके अनुसार, इस वर्ष स्कूल शिक्षा के लिए 38 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

डॉ. यादव ने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर लगातार मेहनत करने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्कूटी और मोटराइज्ड वाहन के लिए राशि पाने वाले विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन