Friday, October 30, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शमशाबाद के शिविर में...

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शमशाबाद के शिविर में सुनीं जन समस्याएं

विदिशा: मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज कलेक्टर अंशुल गुप्ता शमशाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने भी आवेदकों से सीधा संवाद कर आवेदन प्राप्त किए और उनसे संबंधित समस्याओं की जानकारी ली।

शिविर में आवास, बिजली, पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कई हितग्राहियों ने शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव था, उनका निराकरण वहीं कराया गया, जबकि शेष आवेदनों पर निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिलेभर में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को नटेरन एवं शमशाबाद क्षेत्र के विभिन्न क्लस्टरों के ग्रामों तथा नगर में शिविर लगाए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला अथवा ब्लॉक मुख्यालय तक न जाना पड़े और स्थानीय स्तर पर ही उनका निराकरण हो सके।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी सहित जिला स्तर के सभी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं तथा नागरिकों की समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, शासकीय उचित मूल्य दुकान, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, गौशाला, स्वास्थ्य केंद्र एवं ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।

शमशाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीपी एवं शुगर की जांच कर नागरिकों को आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष, वन मंडलाधिकारी हेमंत यादव, स्थानीय एसडीएम, तहसीलदार, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

25 to 31 October 2026
18 to 24 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन