बालाघाट: जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत बम्हनी गांव में गुरुवार देर रात एक महिला की मौत का मामला सामने आया। महिला का शव उसके घर के भीतर फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान निकिता पटले उम्र करीब 46 वर्ष के रूप में हुई है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
पति की शराब पीने की आदत को लेकर होता था विवाद
ग्रामीण थाना क्षेत्र के एएसआई मरकाम के अनुसार घटना की सूचना गांव के सरपंच के माध्यम से पुलिस को मिली थी। प्रारंभिक जानकारी में पता चला कि निकिता पटले अपने पति दुर्गेश पटले की शराब पीने की आदत से परेशान थी। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर दंपती के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात भी पति के शराब पीकर घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद महिला ने घर के भीतर लकड़ी की मयाल से फंदा लगा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
यह भी पढ़ें: एमपी विवाह सहायता योजना में 30 करोड़ का घोटाला, पूर्व मंत्री के साढ़ू की 5.37 करोड़ की संपत्ति अटैच
मर्ग कायम, जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल महिला की मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

