Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsकलेक्टर ने महेबा के प्राथमिक शाला के निरीक्षण में शिक्षा का खराब...

कलेक्टर ने महेबा के प्राथमिक शाला के निरीक्षण में शिक्षा का खराब स्तर एवं अनियमितता पाई

छतरपुर: कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा 23 अक्टूबर को किए गए शासकीय कन्या प्राथमिक शाला महेबा के आकस्मिक निरीक्षण में शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय की व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां सामने आईं। विद्यार्थियों की वास्तविक दक्षताओं और FLN ट्रैकर में दर्ज जानकारी में अंतर मिलने के साथ मध्यान्ह भोजन एवं साफ-सफाई की व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई। कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे, इसके बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक छिमाधर अहिरवार को निलंबित कर दिया है।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में दर्ज 100 विद्यार्थियों के विरुद्ध मात्र 40 विद्यार्थी उपस्थित मिले। कक्षा 2 की छात्रा से हिंदी वाचन और गणित की गतिविधियां कराई गईं, लेकिन वह निर्धारित दक्षताओं का प्रदर्शन नहीं कर पाई, जबकि FLN ट्रैकर में उसे पूर्ण दक्ष दर्शाया गया था। अन्य विद्यार्थियों के परीक्षण में भी शैक्षणिक कमियां सामने आईं।

विद्यालय की रसोई और भोजन परोसने के बर्तन गंदे पाए गए। विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में भोजन की मात्रा भी कम मिली। इसके अलावा विद्यालय भवन का रखरखाव और शैक्षणिक व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाई गईं।

निरीक्षण के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक छिमाधर अहिरवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं, सीएसी मनमोहन अहिरवार के निलंबन का प्रस्ताव संयुक्त संचालक, सागर को भेजा गया है।

सीएसी मनमोहन अहिरवार के निलंबन का प्रस्ताव सागर भेजा

इसके अतिरिक्त सीएसी महिपाल प्रजापति तथा प्राथमिक शिक्षक चित्रा शुक्ला, आशा दीक्षित और आरती तिवारी की एक-एक वार्षिक वेतनवृद्धि रोकने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। बीआरसीसी सरस्वती प्रसाद तिवारी को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने और विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए निरीक्षण किए जा रहे हैं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों की जवाबदेही तय कर उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन