ग्लासगो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के छठे दिन भारत को तीसरा गोल्ड मेडल मिला। पैरा एथलीट दिलीप महादु गावित ने पुरुषों की पैरा T47 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10.71 सेकेंड का समय निकाला और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस स्पर्धा में भारत के मोहम्मद बासिल ने 10.83 सेकेंड के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि इंग्लैंड के केविन सैंटोस ने 10.85 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
क्या है T47 कैटेगरी?
T47 वर्ग में उन पैरा ट्रैक एथलीट्स को शामिल किया जाता है, जिनके एक या दोनों हाथों में शारीरिक अक्षमता होती है। इसमें हाथ के किसी हिस्से की कमी या हाथ की कार्यक्षमता प्रभावित होने वाले खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं।
ये भी पढ़े
ICC Rankings में भारत का जलवा! देखें किसे मिली कौन-सी रैंक
भारत के तीन गोल्ड मेडल
दिलीप गावित से पहले भारत के लिए महिलाओं के पैरा शॉटपुट F57 वर्ग में शर्मिला धनकड़ और 48 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। गावित के गोल्ड के साथ भारत के कुल गोल्ड मेडल की संख्या तीन हो गई है।
मेडल टैली में भारत आठवें स्थान पर
छठे दिन के मुकाबलों के बाद भारत के खाते में 3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज समेत कुल 15 पदक हो गए हैं। इस प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम मेडल टैली में एक स्थान की छलांग लगाकर आठवें स्थान पर पहुंच गई। इससे पहले पांचवें दिन भारत नौवें स्थान पर था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 47 गोल्ड सहित कुल 103 पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है।
बॉक्सिंग में 10 मेडल पक्के
बुधवार को भारत के छह मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंच गए, जिसके बाद बॉक्सिंग में भारत के लिए कम से कम 10 पदक पक्के हो गए हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने वाले सभी मुक्केबाज अब गोल्ड और सिल्वर की दौड़ में बने हुए हैं।

