भोपाल: जिले के अयोध्या नगर और शाहपुरा पुलिस थानों के कंप्यूटरों पर लॉकबिट रैनसमवेयर से साइबर हमला हुआ है। हमले के बाद दोनों थानों के क्राइम एंड क्रिमिनल नेटवर्क एवं सिस्टम (सीसीटीएनएस) का डिजिटल डेटा लॉक हो गया। इससे थानों में दर्ज एफआईआर और आपराधिक मामलों से जुड़े संवेदनशील रिकॉर्ड की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, तकनीकी टीम ने दोनों थानों की प्रणालियों को दोबारा दुरुस्त कर लिया है। फिलहाल डेटा चोरी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद मध्य प्रदेश साइबर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (एमपी-सर्ट) ने प्रदेश के सभी पुलिस थानों और संबंधित संस्थानों के लिए साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। दोनों थानों के कंप्यूटरों की हार्ड डिस्क जांच के लिए भेजी गई हैं। एमपी-सर्ट और स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) की टीमें हमले की प्रकृति और संभावित नुकसान का पता लगा रही हैं।
फाइलें लॉक करने के साथ डेटा चोरी का भी खतरा
एमपी-सर्ट के मुताबिक, लॉकबिट रैनसमवेयर दोहरे तरीके से नुकसान पहुंचा सकता है। यह कंप्यूटर की फाइलों को एन्क्रिप्ट कर लॉक करने के साथ संवेदनशील डेटा चुराकर सार्वजनिक करने की धमकी भी देता है। इसकी मदद से साइबर अपराधी सुरक्षा प्रणालियों को निष्क्रिय करने, बैकअप की शैडो कॉपी मिटाने और विंडोज के सिक्योरिटी लॉग डिलीट करने में सक्षम होते हैं।
इस तरह के हमलों के लिए अपराधी कमजोर पासवर्ड, इंटरनेट पर खुले रिमोट डेस्कटॉप, पुराने सॉफ्टवेयर और फिशिंग ईमेल का इस्तेमाल करते हैं। पुलिस थानों के नेटवर्क में सेंध लगने से एफआईआर, जांच से जुड़े दस्तावेज और अन्य शासकीय रिकॉर्ड प्रभावित हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: वोटर लिस्ट से 1.27 लाख नाम हटने पर अखिलेश का BJP पर हमला, बोले-बीजेपी अब ‘हारती जनता पार्टी’ बन गई
सभी पुलिस कंप्यूटरों को सुरक्षित करने के निर्देश
एमपी-सर्ट के संयुक्त संचालक वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि संभावित साइबर खतरे को देखते हुए सभी संबंधित संस्थानों को सतर्क किया गया है। एडवाइजरी में विंडोज सिस्टम को नियमित अपडेट करने, प्रमाणित एंटीवायरस और एंडपॉइंट डिटेक्शन एंड रिस्पांस (ईडीआर) का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा मजबूत पासवर्ड, मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन और नियमित डेटा बैकअप सुनिश्चित करने को कहा गया है। नेटवर्क को अलग-अलग हिस्सों में बांटने और पेन ड्राइव के अनियंत्रित इस्तेमाल से बचने की भी सलाह दी गई है।

