भोपाल: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। इसे लेकर सियासत उठापटक जारी है। इस बीच खबर सामने आ रही है कि कांग्रेस पार्टी भी अपना कैंडिडेट उतारने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस महिला प्रत्याशी पर दांव खेल सकती है।
कांग्रेस उतार सकती है महिला उम्मीदवार
हरदीप पुरी के नाम के ऐलान के बाद से ही कांग्रेस हमलावर है। विपक्ष हरदीप पुरी का नाम एपस्टीन फाइल से जोड़ रही है। वहीं अब कांग्रेस पार्टी हरदीप सिंह पुरी के सामने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा जा सकता है। पार्टी नेताओं के अंदर मंथन शुरू हो गया है।
30 अक्टूबर तक प्रत्याशी के नाम पर मुहर लग सकती है
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस कल तक प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगा सकती है। इधर, कांग्रेस संगठन महासचिव संजय कामले ने बताया कि हरदीप पुरी के सामने महिला उम्मीदवार को उतारने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एपस्टीन फाइल से जुड़े व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया है। हरदीप सिंह का नाम सभी के लिए आपत्तिजनक है। कांग्रेस के उम्मीदवार पर विचार विमर्श चल रहा है। कांग्रेस भी अपना प्रत्याशी उतारेगी, महिला चेहरे पर मंथन चल रहा है।
2 नवंबर नामांकन की आखिरी तारीख
हालांकि कांग्रेस के पास जीत का आंकड़ा नहीं है, लेकिन इसके बावजूद भी उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। आपको बता दें कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर है। इसके बाद 3 नवंबर को प्राप्त हुए नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि उम्मीदवार आगामी 5 नवंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। अगर चुनाव की स्थिति बनती है, तो आगामी 12 नवंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा।
ये भी पढे़ं: कैलाश विजयवर्गीय बोले- ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ जैसे नारे बर्दाश्त नहीं, इंदौर में 30 अक्टूबर को पैदल मार्च
एमपी से महिला राज्यसभा सांसद
मध्य प्रदेश में आधी आबादी यानी महिलाओं की बात करें तो वर्तमान में 3 महिला राज्यसभा सांसद हैं। यह तीनों ही भारतीय जनता पार्टी की हैं। यह हैं सुमित्रा वाल्मिक, कविता पाटीदार और माया नारोलिया।

