इंदौर: जिले को 100 करोड़ रुपये की लागत से बना अत्याधुनिक बस टर्मिनल जल्द मिलने जा रहा है । कुमेड़ी में तैयार यह नया ISBT सिर्फ बसों के संचालन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बस, मेट्रो और भविष्य में रेलवे को भी एक ही जगह जोड़ने वाला ट्रांसपोर्ट हब बनेगा।
पुणे की BVG इंडिया कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई
इस टर्मिनल से पांच राज्यों के लिए 1500 से ज्यादा बसों के संचालन की योजना है। इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी पुणे की BVG इंडिया कंपनी को सौंपी गई है। सुरक्षा के लिहाज से भी खास इंतजाम किए गए हैं। पूरे टर्मिनल परिसर में 225 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
खास बात यह है कि यह ISBT भविष्य में रेलवे और मेट्रो से भी जुड़ेगा। इससे इंदौर के यात्रियों को एक ही परिसर में परिवहन के कई विकल्प मिल सकेंगे।
ये भी पढ़ें: एमपी में 1 लाख से ज्यादा सफाईकर्मी हड़ताल पर,जगह जगह लगे कचरे के ढेर
प्रमुख आकर्षण और सुविधाएं
5 राज्यों के लिए 1500+ बसें: मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए प्रतिदिन 1500 से अधिक बसों का संचालन होगा। शुरुआत में महाराष्ट्र और राजस्थान की बसें चलेंगी।
18 टिकट काउंटर व रेलवे टिकट सुविधा: यात्रियों के लिए 18 टिकट काउंटर और बड़ा वेटिंग एरिया बनाया गया है। भविष्य में यहां से रेलवे टिकट बुकिंग की सुविधा भी मिलेगी।
VIP लाउंज व अन्य सुविधाएं: वातानुकूलित (AC) वीआईपी लाउंज, एटीएम, पैकेट फूड, कोरियर/पार्सल सेवाएं और पेड पार्किंग की सुविधा।
फूड जोन और 16 रेस्टॉरेंट: टर्मिनल में एक गोलाकार फूड जोन है, जहां ताज़ा खाना परोसने के लिए 16 रेस्टॉरेंट (4 बड़े 1800 वर्ग फीट के और 12 छोटे 450 वर्ग फीट के) तैयार किए गए हैं।
दुकानें और ऑफिस: अंदर 23 दुकानें (केवल पैकेट फूड के लिए) और बाहर बस ऑपरेटरों के ऑफिस के लिए 12 दुकानें बनाई गई हैं।
पहली मंजिल पर IT पार्क: IT कंपनियों के लिए 33 आधुनिक ऑफिस तैयार किए गए हैं। खास बात यह है कि पहली मंजिल को एक ग्लास ब्रिज (कांच के पुल) के जरिए सीधे फूड जोन से जोड़ा गया है।
ड्राइवर-कंडक्टरों के लिए विश्राम गृह: बसों के पार्किंग एरिया के पास बनी अलग बिल्डिंग में 50 से अधिक बस चालकों और परिचालकों के लिए नाममात्र शुल्क पर रुकने, सोने और खाने की विशेष व्यवस्था की गई है।

