भोपाल: मध्य प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में भोपाल में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय का घेराव करने निकले। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर भी चढ़ गए। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार की।
प्रदर्शन की वजह द इंडियन एक्सप्रेस की वह रिपोर्ट है, जिसमें चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से पिछले 10 महीनों में चुनावी सूची और SIR से जुड़े कुछ फैसलों पर कम से कम 14 आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई थी। चुनाव आयोग ने बाद में कहा कि आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।
भूरिया बोले- EVM से चुनाव हुए तो बहिष्कार करेंगे
पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने ज्ञानेश कुमार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और उन्हें फांसी देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम से चुनाव हुए तो वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ये भी पढ़ें: रीवा कलेक्टर ने तहसीलदार को फटकारा और बोले शर्म आनी चाहिए, लोग रो रहे हैं तुम्हारे नाम से…
सीईसी ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनकर प्रदर्शन
इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहने और जंजीरों में जकड़े एक कार्यकर्ता को जीतू पटवारी और उमंग सिंघार जंजीरों से पकड़े नजर आए।

