किरनापुर। बालाघाट जिले की किरनापुर तहसील के ग्राम मोहगांव खुर्द में परम पूज्य हनुमान जी एवं भव्य शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा का पावन धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक राजकुमार कर्राहे ने मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान जी एवं भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। जिसके बाद विधायक ने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान विधायक राजकुमार कर्राहे ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और विकास की कामना करते हुए कहा कि जनसेवा के संकल्प के साथ क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
धार्मिक कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने ग्रामीणजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास कार्यों, स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा उनके सुझाव भी प्राप्त किए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष राणा कल्याण सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भुवनभाऊ राहंगडाले, निर्माण समिति सभापति योगराज भास्कर, ग्राम पंचायत सरपंच योगिता, रवि तरवरे, उपसरपंच पवन पारधी, सचिव श्यामू पांचे, रोजगार सहायक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और ग्राम मोहगांव खुर्द में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।

