बालाघाट: शनिवार को भरवेली थाना अंतर्गत ग्राम रट्टा में आपसी विवाद में जमकर लाठी डंडे चले तो हमलावर परिवार के यहां आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। विवाद के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की खबर पर सीएसपी, चार थानों के प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और गाँव में दलबल के साथ विवाद को शांत कराया।
घटनाक्रम की वजह को लेकर अलग अलग चर्चा
घटनाक्रम की वजह को लेकर अलग अलग चर्चा है। बताया जाता है रट्टा नाले में उत्खनन के लिए खड़े ट्रैक्टर को लेकर दूध का धंधा करने वाले मुकेश मर्सकोले ने सरपंच को इसकी जानकारी दी तो दमाहे परिवार ने मुकेश के साथ लाठी डंडो से मारपीट की। जिसके बाद बवाल मच गया। उसे बचाने आये ग्रामीणों, सरपंच और उपसरपंच के साथ दमाहे परिवार के सदस्यों ने मारपीट की।
घटना से गांव में तनाव की स्थिति
फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति है और पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है। इस मामले में सीएसपी मयंक तिवारी ने बताया कि विवाद की जानकारी के बाद पुलिस गांव पहुंची और स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि पुलिस ने घायलों की संख्या भी एक दो बताई है। जबकि घटना के 6 घायलों को जिला अस्पताल में लाया गया था। वहीं सरपंच रवि कुंभरे और उपसरपंच को भी चोटें है।
ये भी पढ़ें: आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में 12 गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
पुरानी रंजिश के कारण हुआ विवाद
घटनाक्रम को लेकर पुलिस पुरानी रंजिश बता रही है तो सरपंच रवि कुंभरे बताते है कि गाँव में अवैध रेत, गिट्टी खनन दमाहे परिवार करता आ रहा है। एक साल पहले माइनिंग ने बड़ी मात्रा में गिट्टा बरामद कर पंचायत के सुपुर्द किया गया था। लेकिन दमाहे परिवार, लगातार रात के अंधेरे में उसकी चोरी करता आ रहा है और वह धमकी भी देते है कि यदि किसी ने रोका तो उसे मर डालेंगे। वही ग्रामीण महिला भी दमाहे परिवार के आंतक को बया करते हुए बताती है कि दमाहे परिवार जियालाल दमाहे, रोमन दमाहे, रामचरण दमाहे सहित उनके परिवार के अन्य सदस्य, ग्राम में आतंक फैलाते है।

