सिवनी/नितिन तिवन: नगर पालिका परिषद सिवनी द्वारा ऐतिहासिक बाहुबली चौक का नाम बदलकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक किए जाने के निर्णय पर शहर में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। जैन समाज, भाजपा के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों ने इस प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराते हुए नगर परिषद से निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
जैन समाज का कहना है कि बाहुबली चौक केवल एक चौराहा नहीं, बल्कि शहर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। समाज के वरिष्ठजनों के अनुसार वर्ष 1962 में आयोजित पंचकल्याणक महोत्सव के दौरान भगवान बाहुबली की स्मृति में इस स्थान का नाम बाहुबली चौक रखा गया था। तब से यह स्थान शहर की पहचान के रूप में जाना जाता है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष नागपुरे ने नगर पालिका अध्यक्ष को पत्र भेजकर कहा है कि भगवान बाहुबली करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे में धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्ताव क्रमांक-42 पर पुनर्विचार किया जाए तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किसी अन्य उपयुक्त स्थान का नामकरण किया जाए।
पूर्व विधायक नरेश दिवाकर ने भी कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति सभी के मन में सम्मान है, लेकिन बाहुबली चौक का नाम धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए परिषद से निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
महावीर वार्ड की भाजपा पार्षद अनुसुइया अनिल पटेल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित आपत्ति सौंपते हुए प्रस्ताव निरस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि चौक के नाम में बदलाव से सामाजिक और धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
इधर, दिगंबर जैन पंचायत समिति ने भी नगर पालिका को ज्ञापन सौंपकर बाहुबली चौक का नाम यथावत बनाए रखने की मांग की है। समिति का कहना है कि यह स्थल पंचकल्याणक महोत्सव की ऐतिहासिक स्मृतियों से जुड़ा है और इसका नाम बदलना जनभावनाओं के विपरीत होगा।
विरोध दर्ज कराने वाले संगठनों का कहना है कि नगर पालिका अधिनियम में परिषद को अपने पूर्व निर्णयों पर पुनर्विचार का अधिकार प्राप्त है। इसी प्रावधान के तहत प्रस्ताव क्रमांक-42 को वापस लेकर बाहुबली चौक का नाम पूर्ववत रखने की मांग की गई है।

