संकट में घिरे राजपाल यादव को मिला बड़ा सपोर्ट, प्रियदर्शन ने बढ़ाई फीस

शेयर करे

मुबंई। बॉलीवुड के मशहूर कॉमिक स्टार राजपाल यादव इन दिनों कानूनी और आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। चेक बाउंस मामले में सुनवाई से पहले वे तिहाड़ जेल में बंद हैं। इसी बीच फिल्म इंडस्ट्री से उनके लिए समर्थन की आवाजें उठनी शुरू हो गई हैं। सबसे अहम पहल आई उनके लंबे समय से सहयोगी रहे डायरेक्टर प्रियदर्शन की ओर से, जिन्होंने न सिर्फ नैतिक समर्थन दिया बल्कि उनकी फीस बढ़ाने का भी फैसला किया है।

आर्थिक संकट के बीच इंडस्ट्री का साथ

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक फिल्म प्रोजेक्ट और उसके फाइनेंसर से जुड़े विवाद में करोड़ों रुपये का भुगतान न कर पाने के कारण मामला अदालत तक पहुंचा। कानूनी प्रक्रिया के तहत राजपाल यादव को सरेंडर करना पड़ा। इस बीच कई फिल्मी हस्तियों ने खुलकर उनका समर्थन किया है। इंडस्ट्री में उनके करीबियों का कहना है कि वे एक टैलेंटेड और सरल स्वभाव के कलाकार हैं, जो फिलहाल मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं।

प्रियदर्शन का बड़ा कदम

प्रियदर्शन, जिन्होंने राजपाल यादव के साथ कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है, ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वे उन्हें पिछले 20 वर्षों से जानते हैं। उन्होंने कहा कि- अपनी अगली फिल्म के निर्माताओं से राजपाल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पहले से ज्यादा फीस देने की सिफारिश की। निर्माता इस बात के लिए तैयार हो गए हैं। राजपाल उनकी नई फिल्म में निगेटिव शेड वाला किरदार निभा रहे हैं। प्रियदर्शन ने यह भी बताया कि उन्होंने राजपाल को कई फिल्मों और विज्ञापन प्रोजेक्ट्स में लगातार काम दिया है, क्योंकि वे उनके अभिनय और समर्पण से प्रभावित रहे हैं।

साथ की मिसाल बनीं ये फिल्में

दोनों की जोड़ी ने पहले भी कई यादगार फिल्में दी हैं, जिनमें शामिल हैं- मलामाल वीकली, भागम भाग, चुप चुप के, दे दाना दान और भूल भुलैया है। इन फिल्मों में राजपाल की कॉमिक टाइमिंग और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों को खूब एंटरटेन किया।

आगे क्या?

सूत्रों सोमवार को कोर्ट में मामले की सुनवाई होनी है। कानूनी प्रक्रिया के बाद ही यह साफ होगा कि आगे क्या कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, प्रियदर्शन का यह कदम इंडस्ट्री में एक पॉजिटिव मैसेज दे रहा है कि मुश्किल वक्त में साथ खड़ा होना ही असली रिश्ता है। राजपाल यादव के फैंस को उम्मीद है कि यह संकट जल्द खत्म होगा और वे फिर से बड़े पर्दे पर अपनी दमदार वापसी करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *