Thursday, September 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदतिया उपचुनाव: वोटिंग जारी, मतदाताओं में भारी उत्साह

दतिया उपचुनाव: वोटिंग जारी, मतदाताओं में भारी उत्साह

दतिया: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। निर्वाचन आयोग के अनुसार, शुरुआती घंटों में 16.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आईं। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

सड़क की मांग पर ग्रामीणों का मतदान बहिष्कार

मतदान के दौरान बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों ने ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ के नारे लगाए और मतदान से दूरी बनाई। सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

ये भी पढ़े

भोपाल किसान आंदोलन खत्म, सरकार ने मानी मांगें

कांग्रेस ने लगाए पोलिंग एजेंट को रोकने के आरोप

मतदान के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार जनता भाजपा के अहंकार का जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बसई क्षेत्र में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

भाजपा प्रत्याशी ने किया जीत का दावा

भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने मतदान से पहले पीतांबरा पीठ में पूजा-अर्चना कर दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार और भयमुक्त वातावरण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 158 का दौरा कर पोलिंग एजेंटों से मुलाकात की और भाजपा के पक्ष में भारी मतदान होने का दावा किया।

291 मतदान केंद्रों पर वोटिंग

दतिया विधानसभा उपचुनाव में जिले के 291 मतदान केंद्रों पर 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मतदान शुरू हुआ तथा पूरी प्रक्रिया पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन