इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिस पिता ने अपनी बेटी को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उसी बेटी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। घटना खजराना थाना क्षेत्र के मालवीय नगर की है, जहां प्रेम संबंधों के विरोध से नाराज बेटी और उसके बॉयफ्रेंड ने कथित तौर पर पिता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस ने आरोपी युवती और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
चार साल पुराने प्रेम संबंध का हुआ खूनी अंत
पुलिस के अनुसार, मालवीय नगर निवासी मेहरबान सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता हैं। उसकी बेटी प्राची, जो 12वीं कक्षा की छात्रा है, का पिछले करीब चार वर्षों से शुभम नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि शुभम टाइल्स लगाने का काम करता है और दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे। लेकिन परिवार, खासकर पिता, इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
बहस से शुरू हुआ विवाद चाकू तक पहुंचा
रविवार रात प्रेम संबंधों को लेकर एक बार फिर घर में विवाद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि कहासुनी के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में बेटी और उसके प्रेमी ने मेहरबान सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले के दौरान पिता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
बता दें घटना के बाद घायल मेहरबान सिंह को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेहरबान का इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही खजराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंधों के विरोध को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी युवती और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।
यह घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि बदलते सामाजिक परिवेश और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दूरियों की भी गंभीर तस्वीर पेश करती है। एक तरफ अस्पताल में पिता जिंदगी की जंग लड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसकी बेटी और उसका प्रेमी पुलिस हिरासत में हैं। इस घटना ने परिवार, संवाद और सामाजिक मूल्यों को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

