Friday, July 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news‘लड़कों से बात करती थी बेटी’... गुस्से में मां-बाप बने कातिल

‘लड़कों से बात करती थी बेटी’… गुस्से में मां-बाप बने कातिल

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में सामने आया 16 वर्षीय खुशबू हत्याकांड रिश्तों को शर्मसार करने वाली ऐसी दर्दनाक वारदात बन गया है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। जिस बेटी को मां-बाप की सुरक्षा और प्यार मिलना चाहिए था, उसी को उसके अपने घर में मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि किशोरी का लड़कों से फोन पर बात करना उसके पिता और सौतेली मां को पसंद नहीं था। लड़कों से बातचीत को लेकर पनपी नाराजगी धीरे-धीरे इतनी खतरनाक हो गई कि उसने एक मासूम बेटी की हत्या जैसी दिल दहला देने वाली साजिश का रूप ले लिया।

गला घोंटकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, खुशबू की सौतेली मां पिंकी और पिता कपिल शर्मा ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोप है कि घर में ही दुपट्टे और रस्सीनुमा कपड़े से उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद दोनों ने बिना किसी को जानकारी दिए शव को हापुर के ब्रजघाट ले जाकर अंतिम संस्कार भी कर दिया, ताकि किसी को शक न हो।

एक कॉल बना पूरे केस का टर्निंग पॉइंट

बता दें मामले का खुलासा तब हुआ जब खुशबू के मामा भूपेंद्र शर्मा ने उससे संपर्क करने की कोशिश की। कई बार कॉल करने पर फोन बंद मिला। जब उन्होंने पिता से बात की तो जवाबों में विरोधाभास नजर आया। शक गहराने पर उन्होंने सीधे पुलिस से संपर्क किया और भांजी की हत्या कर गुपचुप अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाया।

पुलिस पूछताछ में टूटे आरोपी

जब उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सौतेली मां और पिता को हिरासत में लिया तो, पूछताछ के दौरान दोनों के बयान अलग-अलग निकले। सख्ती से पूछताछ के बाद दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस को कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल सबूत भी मिले हैं, जिन्होंने जांच को मजबूत आधार दिया।

समाज को झकझोर रहा मामला

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि परिवार के भीतर बढ़ती असहिष्णुता और संवादहीनता का खतरनाक उदाहरण है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या की योजना कितने समय से बनाई जा रही थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।

पुलिस का अगला कदम

पुलिस ने हत्या, सबूत मिटाने और साजिश रचने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। ब्रजघाट पर हुए अंतिम संस्कार से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक और डिजिटल एविडेंस के आधार पर केस को मजबूत किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal – 19 to 25 july 2026
Bhopal – 12 to 18 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन