सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर को शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में दोषी ठहराया गया है। सिडनी की वॉवेर्ली लोकल कोर्ट ने मंगलवार को उन्हें 1,500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही उनकी कार में 12 महीने के लिए इग्निशन इंटरलॉक डिवाइस लगाने का आदेश दिया गया है।
वॉर्नर को ईस्टर संडे के दिन सिडनी के बाहरी इलाके में रैंडम ब्रेथ टेस्टिंग के दौरान पकड़ा गया था। जांच में उनके ब्लड-अल्कोहल लेवल की रीडिंग 0.104 आई थी, जो कानूनी सीमा से दोगुने से अधिक थी।
तीन ग्लास व्हाइट वाइन पीने की बात मानी
सुनवाई के दौरान वॉर्नर ने स्वीकार किया कि गाड़ी चलाने से पहले उन्होंने तीन ग्लास व्हाइट वाइन पी थी। उन्होंने पिछले महीने मिड-रेंज ड्रिंक ड्राइविंग के आरोप को स्वीकार कर लिया था।
अदालत को बताया गया कि सड़क किनारे ब्रेथ टेस्टिंग साइट देखने के बाद वॉर्नर ने अपनी कार रोक दी थी। उस दौरान उन्होंने एक महिला यात्री के साथ सीट बदलने की कोशिश भी की थी।
कार स्टार्ट करने से पहले देना होगा सांस का नमूना
अदालत के आदेश के मुताबिक वॉर्नर की कार में 12 महीने तक इंटरलॉक डिवाइस लगा रहेगा। यह उपकरण कार के इग्निशन सिस्टम से जुड़ा होता है। कार स्टार्ट करने से पहले ड्राइवर को इसमें सांस का नमूना देना पड़ता है।
यदि डिवाइस को सांस में निर्धारित सीमा से अधिक अल्कोहल मिलता है तो कार का इंजन स्टार्ट नहीं होता। कुछ इंटरलॉक सिस्टम ड्राइविंग के दौरान भी दोबारा सांस का नमूना मांग सकते हैं।
जज क्लेयर फार्नन ने कहा कि वॉर्नर के दोबारा इस तरह का अपराध करने की संभावना कम है। हालांकि, उन्होंने शराब पीकर गाड़ी चलाने को गंभीर समस्या बताया, जो न्यू साउथ वेल्स में कई सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती है।
2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया था संन्यास
39 वर्षीय डेविड वॉर्नर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट और 250 से अधिक लिमिटेड ओवर्स इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद वह कमेंट्री के साथ फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी सक्रिय हैं।
वॉर्नर फिलहाल सिडनी थंडर के कप्तान हैं और पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स के लिए भी खेलते हैं।

