दिल्ली क्राइम ब्रांच ने की बड़ी कार्रवाई: इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट का किया पर्दाफाश

नई दिल्ली। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में नाइजीरियाई नागरिकों द्वारा संचालित एक संगठित ड्रग नेटवर्क को बेनकाब किया गया है, जो राजधानी के कई इलाकों में सक्रिय था।

5 करोड़ की कोकीन जब्त

छापेमारी के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने करीब 5 करोड़ की कोकीन और MDMA जब्त की है। साथ ही मामले में दो नाइजीरियाई नागरिक फ्रैंक विटस उमे और संडे ओटू को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क खास तौर पर साउथ और साउथ-वेस्ट दिल्ली में ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था।

नाइजीरिया से ऑपरेट हो रहा था पूरा नेटवर्क

जांच में खुलासा हुआ है कि इस रैकेट का किंगपिन नाइजीरिया से ऑपरेट कर रहा था। आरोपी आपस में व्हाट्सएप और विदेशी नंबरों के जरिए संपर्क में रहते थे। दिल्ली में रह रही एक अफ्रीकी महिला के माध्यम से ड्रग्स की डिलीवरी कराई जाती थी, जिससे पुलिस से बचने की कोशिश की जाती थी।

पुराना अपराधी, नई साजिश  

मुख्य आरोपी पहले भी NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों में शामिल रह चुका था। इसके बावजूद भी उसने नए सिरे से नेटवर्क खड़ा कर राजधानी में नशे का कारोबार फैलाने की कोशिश की।

जांच तेज और गिरफ्तारियां संभव

मामले पर दिल्ली पुलिस का कहना है कि- यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है। क्राइम ब्रांच अब इस सिंडिकेट की फाइनेंसिंग, सप्लाई चेन और अंतरराष्ट्रीय लिंक की गहराई से जांच कर रही है।