भोपाल: शिक्षक भर्ती-2025 में पदवृद्धि की मांग को लेकर नीलम पार्क में चल रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन ने बुधवार को नया राजनीतिक मोड़ ले लिया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक दिवस तक अभ्यर्थियों की मांगों पर फैसला नहीं हुआ तो वे 24 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे।
रिक्त पदों को लेकर सरकार पर सवाल
दिग्विजय सिंह ने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनीं और कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के हजारों पद खाली होने के बावजूद भर्ती में पद नहीं बढ़ाना युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से शिक्षक भर्ती-2025 में पदवृद्धि करने और रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की।
ये भी पढ़े टीएमसी के 20 बागी सांसदों को नोटिस, सात दिन में देना होगा जवाब
इस दौरान उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता बताते हुए अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का असर शिक्षकों और अभ्यर्थियों पर पड़ रहा है।
छठवें दिन भी जारी रहा धरना
वर्ग-2 माध्यमिक और वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती-2025 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को छठवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अलग-अलग चरणों में आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
21 अगस्त को प्रदेशभर से हजारों अभ्यर्थी भोपाल पहुंचे थे। लोक शिक्षण संचालनालय के सामने प्रदर्शन के बाद उन्होंने नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।
धरना स्थल पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद रहे। महिला अभ्यर्थियों ने दिग्विजय सिंह को राखी बांधकर समर्थन की अपील की। अब पूर्व मुख्यमंत्री के समर्थन और भूख हड़ताल के ऐलान के बाद शिक्षक भर्ती को लेकर चल रहा आंदोलन राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है।

