घना कोहरा बन रहा मौत की वजह, कई राज्यों में हुए भीषण हादसें

शेयर करे

देश के कई हिस्सों में ठंड के साथ छाया घना कोहरा अब आम जनजीवन ही नहीं, जान के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। सोमवार सुबह मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत 13 राज्यों में कोहरे ने ऐसा कहर बरपाया कि कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। हालात इतने खराब रहे कि 10 मीटर दूर भी कुछ नजर नहीं आया,  जिसका नतीजा यह हुआ कि एक के बाद एक भीषण सड़क हादसे होते गए।

यूपी में कई जिलों में सड़क हादसे

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के अनवरपुर इलाके में कोहरे के कारण छह वाहन आपस में भिड़ गए, जिसमें कई लोग घायल हो गए। वहीं, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में रविवार को हुए 6 सड़क हादसों में 22 गाड़ियां टकरा गईं। इन हादसों में 7 लोगों की जान चली गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हरियाणा में 7 जिलों में 14 हादसे

हरियाणा के 7 जिलों में 14 स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। यहां 58 वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें 11वीं कक्षा की छात्रा समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हालात को देखते हुए गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों पर वाहन पार्किंग पर अस्थायी रोक लगा दी है।

उत्तर भारत में ठंड और बढ़ी

इधर, जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। पुलवामा में न्यूनतम तापमान -2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि श्रीनगर में रात का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी की अपील

कोहरे और ठंड को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर है। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, धीमी गति से वाहन चलाएं और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें।