फिलीपींस। सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और हजारों लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार कम से कम 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
35 किलोमीटर गहराई में था भूकंप का केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के नजदीक जमीन से लगभग 35 किलोमीटर नीचे स्थित था। तेज झटकों ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया और कई शहरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
2 घंटे में आए 138 झटके
मुख्य भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक का सिलसिला जारी रहा। फिलीपींस के भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) के अनुसार सिर्फ दो घंटे के भीतर 138 आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। इन झटकों की तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही, जिससे लोगों में डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
4.6 फीट तक उठीं सुनामी की लहरें
जानकारी अनुसार, भूकंप के बाद मिंडानाओ के कई तटीय इलाकों में सुनामी की लहरें भी दर्ज की गईं। सबसे ऊंची लहर करीब 1.4 मीटर (4.6 फीट) तक पहुंची। खतरे को देखते हुए इंडोनेशिया, मलेशिया और जापान ने भी तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया। हालांकि बाद में कई क्षेत्रों में चेतावनियां वापस ले ली गईं।
इमारतों में दरारें, कई इलाकों में बिजली गुल
बता दें जनरल सैंटोस सिटी और आसपास के इलाकों में कई व्यावसायिक भवनों, दुकानों और सरकारी कार्यालयों को नुकसान पहुंचा है। कुछ पुलिस स्टेशनों की इमारतों में भी दरारें देखी गई हैं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से राहत और बचाव कार्यों में चुनौतियां बढ़ गई हैं।
राष्ट्रपति ने दिए तत्काल राहत अभियान के निर्देश
वहीं फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने सभी सरकारी एजेंसियों को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पड़ोसी देशों में भी महसूस हुए झटके
सूत्रों के मुताबिक, भूकंप का असर केवल फिलीपींस तक सीमित नहीं रहा। इंडोनेशिया के उत्तर सुलावेसी और उत्तर मलुकु क्षेत्रों में भी तेज कंपन महसूस किया गया। जापान और गुआम के कुछ हिस्सों के लिए भी एहतियाती चेतावनी जारी की गई।
क्यों बार-बार आते हैं फिलीपींस में भूकंप?
फिलीपींस प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है। यह दुनिया का सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र माना जाता है, जहां कई टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं। यही वजह है कि यहां अक्सर भूकंप, सुनामी और ज्वालामुखी विस्फोट जैसी प्राकृतिक आपदाएं देखने को मिलती हैं।

