फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की सीमाएं और इंसानियत दोनों को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है। गाजीपुर इलाके में पारिवारिक तनाव ने अचानक हिंसक मोड़ ले लिया, जब एक महिला ने अपनी ही दो जेठानियों को आग के हवाले कर दिया।
बाथरूम बहाना, फिर हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी महिला अपने साथ एक बैग लेकर घर पहुंची। जब घरवालों ने पूछा तो उसने कहा कि इसमें “इन्वर्टर बैटरी का पानी” है। लेकिन असल में वह पेट्रोल था, जिसका इस्तेमाल उसने अपने खौफनाक प्लान को अंजाम देने में किया। महिला ने पहले बाथरूम जाने का बहाना बनाया, अंदर जाकर मग में पेट्रोल भरा और सही मौके का इंतजार करने लगी। जैसे ही दोनों महिलाएं बालकनी में अकेली दिखीं, उसने उन पर पेट्रोल डालकर माचिस जला दी। देखते ही देखते दोनों महिलाएं आग की लपटों में घिर गईं।
जिंदगी के लिए जंग जारी
बता दें आग में झुलसी दोनों महिलाओं मीना और सीमा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, एक महिला करीब 60% और दूसरी 80% तक झुलस चुकी है।
रिश्तों में पहले से था तनाव
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी महिला पहले कभी इस घर में नहीं आती थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो इस खतरनाक हमले में बदल गया।
पुलिस एक्शन मोड में, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए गए हैं। फिलहाल आरोपी महिला फरार है और उसकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

