विदिशा: स्कूल को बच्चों के लिए सबसे सुरक्षित जगह माना जाता है, लेकिन धामनोद गांव के सरकारी स्कूल से सामने आए एक वीडियो ने इस भरोसे को हिला दिया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य कमल सिंह मीणा पर विवाद के दौरान एक छोटी बच्ची को उठाकर फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और शिक्षा विभाग को भी जांच के आदेश देने पड़े।
स्कूटी-लैपटॉप के नाम पर रिश्वत का आरोप
ग्रामीण खुमान सिंह का कहना है कि उनकी बेटी को सरकारी योजना के तहत स्कूटी और लैपटॉप मिलना था। आरोप है कि इस लाभ को जल्दी दिलाने के नाम पर प्राचार्य ने उनसे रिश्वत मांगी। खुमान सिंह के मुताबिक उन्होंने इस बातचीत का वीडियो बना लिया था। इसके बाद से ही विवाद शुरू हुआ।
वीडियो डिलीट करने का दबाव बना?
खुमान सिंह का आरोप है कि वीडियो बनने की जानकारी मिलने के बाद प्राचार्य ने उन पर वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, बच्ची को मारने और उनके खिलाफ झूठा केस दर्ज कराने की धमकी देने का भी आरोप है। इसी तनाव के बीच विवाद बढ़ गया और प्राचार्य ने बच्ची को उठाकर फेंक दिया। मौके पर मौजूद पिता ने तुरंत बच्ची को संभाल लिया, जिससे वह बड़ी चोट से बच गई।
वीडियो वायरल हुआ तो जागा विभाग
घटना का वीडियो सामने आते ही अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना है कि जहां बच्चों को संस्कार और सुरक्षा मिलनी चाहिए, वहीं इस तरह की घटना होना बेहद शर्मनाक है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद मामला जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंचा।
डीईओ ने जारी किया नोटिस, जांच शुरू
जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने प्राचार्य को नोटिस जारी कर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बच्ची स्कूल परिसर में कैसे पहुंची, विवाद की असली वजह क्या थी और वीडियो में दिख रही घटना की सच्चाई क्या है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें: बेगमगंज में आज से सफाई व्यवस्था ठप्प, सभी 60 सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें
इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों के व्यवहार और प्राचार्य जैसे जिम्मेदार पदों की मर्यादा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावक निष्पक्ष जांच और दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में क्या सामने आता है।

