धार: मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है। मामले को लेकर आज धार शहर में बंद का आह्वान किया गया, जिसका शहर के कई हिस्सों में असर देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है।
हिंदू पक्ष ने प्रशासन पर लगाए आरोप
अखिल भारतीय साधु-संत संन्यासी परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष अनिलानंद जी महाराज ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत के निर्देशों के बावजूद आवाजाही की व्यवस्था सही तरीके से नहीं की जा रही है।
ये भी पढ़े सीहोर में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब: बारिश के बीच प्रदीप मिश्रा संग 11 किमी की कांवड़ यात्रा शुरू
उन्होंने कहा कि भोजशाला परिसर में नमाज को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए और प्रशासन को अदालत के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना चाहिए। अनिलानंद जी महाराज ने दावा किया कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में साधु-संत धार पहुंच सकते हैं।
मुस्लिम पक्ष ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने हिंदू पक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि नमाज निर्धारित हिस्से में सुरक्षा और बैरिकेडिंग के बीच ही अदा की जा रही है।
शमशुल हसन ने आरोप लगाया कि पुरानी मस्जिद को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अफवाहों के जरिए माहौल बिगाड़ने के बजाय प्रशासन को स्थिति पर नजर रखनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
भोजशाला को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग दलीलों के बीच प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस की निगरानी के साथ संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन के सामने चुनौती यह है कि विवाद के बीच कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा जाए।

