भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने NEET पेपर लीक मामले और उससे जुड़ी जांच प्रक्रियाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों के हित में परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

बता दें अपने पत्र में दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पिछले आठ वर्षों के दौरान हुई अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि एक विस्तृत श्वेत पत्र जारी कर निम्नलिखित जानकारी देश के सामने रखी जाए—
- पिछले आठ वर्षों में NTA द्वारा आयोजित परीक्षाओं में हुए सभी पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की सूची।
- प्रत्येक मामले में NTA और जांच एजेंसियों द्वारा की गई कार्रवाई का विवरण, साथ ही गिरफ्तार किए गए आरोपियों की जानकारी।
- सभी मामलों की वर्तमान जांच स्थिति, यह स्पष्ट किया जाए कि जांच जारी है या पूरी हो चुकी है तथा क्या आरोपपत्र (चार्जशीट) या क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की गई है।
- जिन मामलों में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की गई है, उनके कारणों का विस्तृत उल्लेख।
- सभी आरोपियों की वर्तमान स्थिति रिपोर्ट, जिसमें यह जानकारी हो कि उनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है, वे जमानत पर हैं या उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह जानकारी सार्वजनिक होना जरूरी है। उनका मानना है कि इससे छात्रों और अभिभावकों का भरोसा मजबूत होगा तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे।
NEET पेपर लीक प्रकरण को लेकर देशभर में पहले ही व्यापक चर्चा हो चुकी है और मामले की जांच विभिन्न एजेंसियों द्वारा की जा रही है। ऐसे में दिग्विजय सिंह की यह मांग राजनीतिक और शैक्षणिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

