भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बुधवार से राजा भोज एयरपोर्ट से नोएडा (जेवर) के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस की इस नई सेवा से न केवल भोपाल और नोएडा के बीच सफर आसान होगा, बल्कि दिल्ली और देश के अन्य शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
बता दें नई उड़ान के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचने पर पारंपरिक वॉटर कैनन सैल्यूट देकर स्वागत किया गया। पहले दिन नोएडा से करीब 41 यात्री भोपाल पहुंचे, जबकि भोपाल से केवल 12 यात्रियों ने इस उड़ान से नोएडा के लिए यात्रा की।
एयरलाइन के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, उड़ान संख्या 6E-7653 नोएडा से शाम 5:20 बजे रवाना होकर 6:50 बजे भोपाल पहुंचती है। वहीं उड़ान संख्या 6E-7654 भोपाल से शाम 7:10 बजे उड़ान भरकर रात 9:25 बजे नोएडा पहुंचती है। इस रूट पर इंडिगो 72-सीटर ATR विमान का संचालन कर रही है। फिलहाल इस उड़ान का एक तरफ का किराया लगभग 4,600 रुपये है, जो बुकिंग और मांग के अनुसार बदल सकता है।
वहीं इस नई उड़ान का सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा जो दिल्ली या अन्य बड़े शहरों के लिए यात्रा करते हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) दिल्ली-एनसीआर के बेहद करीब स्थित है। ऐसे में भोपाल के यात्री यहां से आसानी से दिल्ली पहुंचकर देश और विदेश के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट ले सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनेगी।
नई उड़ान सेवा से भोपाल और उत्तर भारत के बीच हवाई संपर्क मजबूत होने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

