इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दावा किया है कि मध्यप्रदेश ने प्राथमिक स्कूली शिक्षा में ड्रॉपआउट दर को शून्य करने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश का सांदीपनि विद्यालय मॉडल अब पूरे देश में सराहना प्राप्त कर रहा है।
मुख्यमंत्री शनिवार को इंदौर में हिंद रक्षक पुण्योदय प्रकल्प के कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने स्कूली छात्राओं को महापुरुषों के जीवन चरित्र पर आधारित पुस्तकें और कॉपियां वितरित कीं। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन बेहतर: CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में सरकारी स्कूलों ने निजी विद्यालयों से बेहतर परिणाम दिए हैं। उन्होंने बताया कि सांदीपनि विद्यालयों के 58 विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान बनाया है, जो सरकारी शिक्षा व्यवस्था में आए बदलाव का प्रमाण है।
शिक्षा में बन रही ‘त्रिवेणी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सांदीपनि विद्यालय, पीएम श्री स्कूल और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मिलकर शिक्षा की नई “त्रिवेणी” तैयार कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
लखन दादा को किया याद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हिंद रक्षक प्रकल्प के संस्थापक स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह गौड़ (लखन दादा) को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने समाज सेवा और राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखा। उनके प्रयासों से शुरू हुआ पुण्योदय प्रकल्प आज भी हजारों विद्यार्थियों तक शिक्षा सामग्री पहुंचाने का काम कर रहा है।
एक महीने में बांटी जाएंगी 3 लाख से अधिक कॉपी-किताबें
पुण्योदय प्रकल्प के संयोजक एकलव्य गौड़ ने बताया कि 11 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाले अभियान के दौरान 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों को 3 लाख से ज्यादा कॉपी-किताबें वितरित की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से इनका बेहतर उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गौड़, गोलू शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

