चेन्नई: दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 150 से ज्यादा रन बना लिए हैं। चेन्नई में साउथ जोन के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में ईस्ट जोन ने 5 विकेट के नुकसान पर 470 से ज्यादा रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। कुमार कुशाग्र ने भी शतकीय पारी खेलते हुए 101 रन बनाए।
ईशान किशन का 10वां फर्स्ट क्लास शतक
पहले दिन 111 रन बनाकर नाबाद लौटे ईशान किशन ने दूसरे दिन भी अपनी शानदार लय बरकरार रखी। उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
यह ईशान किशन के फर्स्ट क्लास करियर का 10वां शतक है। कप्तानी पारी खेल रहे ईशान ने एक छोर संभाले रखा और ईस्ट जोन को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कुमार कुशाग्र ने जड़ा शतक
ईशान किशन के साथ कुमार कुशाग्र ने भी साउथ जोन के गेंदबाजों का मजबूती से सामना किया। कुशाग्र ने 101 रन की शतकीय पारी खेली। कुशाग्र के आउट होने के बाद भी ईशान क्रीज पर डटे हुए हैं और ईस्ट जोन का स्कोर 470 रन के पार पहुंच चुका है।
वैभव सूर्यवंशी ने खेली 44 रन की तेज पारी
ईस्ट जोन ने रविवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम को अच्छी शुरुआत मिली। जिसके बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 37 गेंदों में 44 रन की तेज पारी खेली।
अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन बनाए, जबकि शिखर मोहन ने 85 रन का योगदान दिया। सूर्यवंशी और ईश्वरन के बीच पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद ईशान किशन ने पारी की जिम्मेदारी संभाली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
मोहम्मद सिराज को नहीं मिला विकेट
साउथ जोन की ओर से चामा वी मिलिंद और त्रिपुराना विजय ने 2-2 विकेट हासिल किए। अभिमन्यु ईश्वरन रन आउट हुए। वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। सिराज ने 17 ओवर की गेंदबाजी में 109 रन खर्च किए, लेकिन विकेट हासिल नहीं कर सके।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
- ईस्ट जोन: अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, शिखर मोहन, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), एमडी कौनैन कुरैशी, अनुकूल रॉय, मोहम्मद शमी, अभिजीत के सरकार और मुकेश कुमार।
- साउथ जोन: रिकी भुई, नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी मिलिंद और एमडी निधिश।

