जबलपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर के डुमना नेचर पार्क में पौधारोपण कर वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया।
ये भी पढ़े
अजीत डोभाल को मिला लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार,अमित शाह ने की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस अभियान के तहत 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
मियावाकी पद्धति से लगाए जाएंगे 11 लाख पौधे
मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर के डुमना नेचर पार्क में मियावाकी पद्धति के माध्यम से करीब 11 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस तकनीक से कम समय में घने और प्राकृतिक जंगल विकसित किए जाते हैं, जिससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
डॉ. मोहन यादव ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने का प्रयास है।
दतिया उपचुनाव पर भी दिया बयान
जबलपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और विकास के मुद्दे पर जनता का समर्थन हासिल करेगी।
मुख्यमंत्री ने संकेत देते हुए कहा कि जल्द ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी और भाजपा दतिया में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

