मैहर: मध्यप्रदेश के मैहर जिले से शिक्षा व्यवस्था को लेकर चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां स्थित संदीपनी विद्यालय में पिछले दो सप्ताह से बिजली और पानी दोनों की आपूर्ति बंद है। वजह है करीब 6 लाख रुपये का बकाया बिजली बिल, जिसके चलते बिजली कंपनी ने विद्यालय का कनेक्शन काट दिया। बिजली बंद होने से पानी की सप्लाई भी ठप हो गई है। नतीजा यह है कि सैकड़ों छात्र-छात्राएं भीषण गर्मी और उमस के बीच बिना पंखों और पेयजल के पढ़ाई करने को मजबूर हैं। कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने, चक्कर आने और गर्मी से परेशान होने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
विद्यालय के प्राचार्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि यह भवन नया है और बिजली कनेक्शन का भुगतान PIU और निर्माण एजेंसी को करना था, लेकिन समय पर बिल जमा नहीं किया गया। इसके चलते बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया। अब स्थिति यह है कि बच्चों के पीने के पानी की व्यवस्था करने के लिए विद्यालय स्टाफ को सामने स्थित जेल परिसर से डिब्बों में पानी लाना पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा और कक्षाओं में बिना पंखों के पढ़ाई करना बेहद कठिन हो गया है।
किताबों से खुद को हवा देकर पढ़ रहे हैं – छात्र
विद्यालय की छात्रा वैष्णिविशिष्ट तिवारी ने बताया कि अधिकांश बच्चे खिड़की के पास बैठते हैं क्योंकि पंखे नहीं चलते। पीने का पानी भी बाहर से लाना पड़ता है और एक बोतल से ज्यादा पानी लाना संभव नहीं होता।
वहीं छात्रा अर्पिता कुशवाहा ने बताया कि पानी के टैंकर भी नियमित नहीं आ रहे। पहले बच्चे सड़क पार कर पानी भरकर लाते थे। गर्मी इतनी ज्यादा है कि पढ़ाई पर ध्यान लगाना मुश्किल हो गया है और बच्चे किताबों से खुद को हवा करते नजर आते हैं।

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
मामले को लेकर स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को इस गंभीर स्थिति की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की है कि तत्काल बिजली और पानी की व्यवस्था बहाल कर छात्रों को राहत दी जाए।
वहीं मैहर की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने कहा कि समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय की नई बिल्डिंग में जल्द सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हालांकि जब उन्हें बताया गया कि बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन कटा है, तो उन्होंने कहा कि जल्द सभी व्यवस्थाएं सामान्य कर दी जाएंगी।
अब सवाल यह है कि सरकारी विद्यालय में मासूम बच्चों को आखिर किसकी लापरवाही की सजा मिल रही है? जिम्मेदार एजेंसियों की अनदेखी का खामियाजा छात्रों की पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों पर पड़ रहा है।

