आखिर कौन बचा रहा है राजकुमार कांवरे को ?
बालाघाट: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में इथेनॉल बनाने की लिये भारतीय खाद्य निगम से इथेनॉल संयंत्रों को बेचे गये फोर्टीफाईड चावल को इथेनॉल संयंत्रों के संचालकों द्वारा शासकीय धान की कस्टम मिलिंग कर रहे राईस मिलर्स हर्ष राईस इंडस्ट्रीज को बेचने का मामला सामने आया है। जहाँ पुलिस की जांच में सामने आया है कि हर्ष राईस इंडस्ट्रीज में 16 ट्रक चावल पहुंचे थे और आरोप है कि हर्ष राईस इंडस्ट्रीज के मालिक ने इसी फोर्टीफाईड चावल को शासकीय धान की कस्टम मिलिंग के नाम पर वापस एफसीआई के गोदामों में जमा करा दिया था।
अविनाश कांवरे और विनोद शर्मा ने कबूला गुनाह !
चावल गबन के मामले में हर्ष राईस इंडस्ट्रीज के 3 पार्टनर और आरोपी में से पूर्व मंत्री रामकिशोर कांवरे का भतीजा अविनाश कांवरे, विनोद शर्मा और गोपाल ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस जांच में अविनाश कांवरे और विनोद शर्मा ने आरोपों को स्वीकार करते हुए माना है कि दिनांक 23.03.2026 और दिनांक 25.05.2026 को एफसीआई गोदाम से इथेनॉल प्लांट भेजे गए 16 ट्रक चावल हर्ष राईस इंडस्ट्रीज पहुचे थे। जिनमें कुल 8401 बोरियों में 4162 क्विंटल चावल था, जिसकी कुल कीमत 1,74,81,840 रूपये थी। हर्ष राईस इंडस्ट्रीज में जो 16 ट्रक चावल लेकर पहुंचे थे उनमे से 4 ट्रक हर्ष राईस इंडस्ट्रीज के स्वामित्व के थे।
ट्रक ड्राईवर और मालिकों ने खोली पोल
एफसीआई गोदाम से इथेनॉल प्लांट के बजाय हर्ष राईस इंडस्ट्रीज टेकाड़ी गए चावल के ट्रक ड्राईवर और मालिकों ने पुलिस को बयान दिया कि हर्ष राईस मिल के मालिक अविनाश कांवरे, विनोद शर्मा और मुनीम रुपेश डोंगरे के कहने पर उक्त मिल में चावल उतारा गया था। जिसके बाद पुलिस के द्वारा हर्ष राईस मिल के पार्टनर विनोद शर्मा को गिरफ्तार किया गया और विनोद शर्मा के द्वारा बयान दिया गया कि अविनाश कांवरे के साथ मिलकर चावल का गबन किया गया है।
सीडीआर, फोन लोकेशन और जी.पी.एस. ट्रेकिंग से खुला गबन
एफसीआई गोदाम से इथेनॉल प्लांट के बजाय हर्ष राईस इंडस्ट्रीज टेकाड़ी गए चावल के ट्रकों के जीपीएस ट्रैकिंग में भी अपराध की पुष्टि हुई है। वही आरोपियों की फोन लोकेशन और सीडीआर से चावल के गबन के आरोपों की पुष्टि पुलिस के द्वारा की गई है।
जप्त की गई पार्टनरशिप डीड
पुलिस के द्वारा हर्ष राईस इंडस्ट्रीज टेकाड़ी की पार्टनरशिप डीड जप्त की है जिसमे अविनाश कांवरे और विनोद शर्मा की हर्ष राईस इंडस्ट्रीज टेकाड़ी में पार्टनरशिप की पुष्टि हुई है। वही आरोप है कि अविनाश कांवरे और विनोद शर्मा के अलावा राजकुमार कांवरे और गोपाल ठाकुर के साथ दो अन्य महिलाएं भी उक्त मिल में पार्टनर है। ऐसे में राजकुमार कांवरे की उक्त गबन में संलिप्प्ता न दिखाना और सिर्फ पूर्व मंत्री रामकिशोर कांवरे का भाई होने के कारण राजकुमार कांवरे को बचाना पुलिस की कार्यवाही के ऊपर प्रश्न चिन्ह लगता है।
पुलिस और पूर्व मंत्री पर साठगाठ के आरोप
जनचर्चा और आरोप है कि इथेनॉल संयंत्रों को बेचे गये फोर्टीफाईड चावल के गबन के मामले में हर्ष राईस मिल का नाम आने और आरोपों की पुष्टि होने के बाद राजकुमार कांवरे को आरोपों और गिरफ़्तारी से बचाने के लिए पूर्व मंत्री रामकिशोर कांवरे ने पुलिस के साठगाठ कर अपने भतीजे अविनाश कांवरे और मिल में पार्टनर विनोद शर्मा से सभी आरोपों को स्वीकार कर गिरफ्तार कराया है जबकि अपने बड़े भाई राजकुमार कांवरे को बचाने का प्रयास किया है। ऐसे में यह देखना लाजमी होगा कि पुलिस कितनी निष्पक्षता के साथ अपना काम करती है और राजकुमार कांवरे को कब गिरफ्तार करती है।

