दिल्ली। देश के कई हिस्सों में अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ती गर्मी के बीच रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज के साथ बादल देखने को मिले। खासतौर पर दिल्ली एनसीआर में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। राजधानी के रफी मार्ग, पार्लियामेंट स्ट्रीट, चिराग दिल्ली, मान सिंह रोड, पटपड़गंज और पीरागढ़ी जैसे कई इलाकों में सुबह से हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
गर्मी में लोगों को मिली राहत
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक सुबह 8:30 बजे तक करीब 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज हवाओं के साथ गरज भी सुनाई दी, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। अचानक आई इस बारिश ने राजधानी और आसपास के इलाकों में लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है।
क्यों अचानक बदला मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है। यह एक मौसमी प्रणाली है जो भूमध्यसागर क्षेत्र से उठकर पश्चिमी हिमालयी इलाकों तक पहुंचती है और इसके प्रभाव से उत्तर भारत में अक्सर बारिश, आंधी-तूफान और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। इस सिस्टम के सक्रिय होने से दिल्ली और आसपास के राज्यों में बादल, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी हुई है।
दिल्ली-NCR में ऑरेंज और येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि दिनभर बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि तेज झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। वहीं नोएडा, गुरूग्राम और एनसीआर के शहरों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों की सलाह
साथ ही मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की चेतावनी दी गई है।

