गुना: राघौगढ़ क्षेत्र के गुना जिले में सार्वजनिक अपमान का वीडियो वायरल होने के बाद एक किसान की मौत का मामला सामने आया है। जंजाली चौकी क्षेत्र के होरिबे गांव में रहने वाले 45 वर्षीय अजोड़ सिंह बंजारा ने कथित तौर पर कीटनाशक पी लिया। इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
करीब डेढ़ महीने पहले गांव की एक शादीशुदा महिला घर से चली गई थी। महिला के ससुराल पक्ष को शक था कि उसके गांव के एक युवक के साथ जाने के मामले में अजोड़ सिंह की भूमिका है। इसी शक के आधार पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर किसान को घर से उठाकर बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की।
चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि अजोड़ सिंह के साथ घंटों मारपीट की गई। इसके बाद उनके गले में जूतों-चप्पलों की माला डालकर गांव में घुमाया गया। इस पूरी घटना का किसी ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया था।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और किसान को भीड़ से छुड़ाकर ले गई थी। अजोड़ सिंह ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की लिखित शिकायत भी दी थी।
ये भी पढ़े
45 दिन बाद वायरल हुआ पुराना वीडियो
परिजनों के मुताबिक, घटना के करीब 45 दिन बाद वही पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने की जानकारी अजोड़ सिंह को भी हुई। इसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
अजोड़ सिंह के चचेरे भाई तोफान सिंह के अनुसार, वह लगातार सामाजिक बदनामी को लेकर चिंता में था। परिजनों का कहना है कि इसी तनाव के बीच उसने कथित तौर पर कीटनाशक पी लिया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत
कीटनाशक पीने के बाद परिजन अजोड़ सिंह को तत्काल राघौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें गुना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, गुना ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, वीडियो की होगी जांच
घटना के बाद पुलिस ने पुराने मामले की जांच के साथ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में भी प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के पास पहले से डायल-112 के माध्यम से घटना की शिकायत दर्ज थी।
अब पुलिस वायरल वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। वीडियो में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
अजोड़ सिंह की मौत के बाद होरिबे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

