भोपाल: मध्यप्रदेश में गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का गुस्सा अब राजधानी भोपाल तक पहुंच गया है। नरसिंहपुर जिले से करीब 200 किसान सोमवार को अपनी मांगों को लेकर भोपाल पहुंचे। किसानों की मांग है कि उन्हें गन्ने का भाव 400 रुपए नहीं, बल्कि 600 रुपए प्रति क्विंटल दिया जाए।
किसानों ने साफ कहा है कि जब तक गन्ने का उचित दाम नहीं मिलेगा, तब तक वे 400 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गन्ना नहीं बेचेंगे। इसी मांग को लेकर किसान मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने निकले थे, लेकिन पुलिस ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास ही उन्हें रोक दिया।
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के सामने प्रदर्शन करने बैठे किसान
इसके बाद किसान बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के सामने प्रदर्शन करने बैठ गए। यह प्रदर्शन राष्ट्रवादी किसान आर्मी के संयोजक प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल किसान गन्ने की लागत, मेहनत और खेती से जुड़े खर्चों का हवाला देते हुए 600 रुपए प्रति क्विंटल भाव देने की मांग कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि खेती में लगातार लागत बढ़ रही है। खाद, बीज, बिजली, सिंचाई और मजदूरी का खर्च बढ़ने से खेती करना मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में अगर गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिलेगा, तो किसानों के लिए अपनी लागत निकालना भी चुनौती बन जाएगा।
अन्नदाता पूरे देश का पेट भरता है
किसानों ने सरकार से सवाल किया कि जो अन्नदाता पूरे देश का पेट भरता है, उसे अपनी फसल का सही दाम पाने के लिए राजधानी की सड़कों पर प्रदर्शन क्यों करना पड़ रहा है।
फिलहाल बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के सामने किसानों का प्रदर्शन जारी है। वहीं, एग्रीकल्चर डायरेक्टर की ओर से किसानों को बातचीत के लिए बुलाया गया है। अब देखना होगा कि सरकार और किसानों के बीच होने वाली बातचीत से गन्ने के भाव को लेकर कोई समाधान निकलता है या नहीं।
किसानों का कहना है कि प्रशासन उनकी बात नहीं सुन रहा
किसानों का कहना है कि प्रशासन उनकी बात नहीं सुन रहा है। उन्होंने कहा, जो अन्नदाता देश का पेट भरता है, वह आज यहां गलियों में पड़ा है। हम मूंग खरीदी के लिए किए गए आंदोलन की तरह प्रदर्शन करेंगे। अभी जो गलियां सूनी दिख रही हैं, वे सभी भर जाएंगी। हमें फिलहाल 450 रुपए प्रति क्विंटल का भाव दिया जा रहा है।
इस बीच एग्रीकल्चर डायरेक्टर उमाशंकर भार्गव ने 5 किसानों को मुलाकात के लिए बुलाया है। ये किसान उनसे मिलकर अपनी मांगें और समस्याएं रखेंगे। हालांकि, बाकी किसान धरनास्थल पर ही रुके रहेंगे।
ये भी पढे़ं: वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित का संदेश: ‘सिर्फ CV नहीं चरित्र भी मजबूत बनाएं’, बोले- असफलता भी सफलता का हिस्सा
गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग
किसान महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष राकेश धाकड़ ने बताया कि किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के डायरेक्टर उमाशंकर भार्गव ने मुलाकात के लिए बुलाया है। हमारी 5 लोगों की टीम उनसे मिलने जा रही है। हम उन्हें अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। हमारी मांग है कि गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। इसके साथ ही 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाए।

