Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजबलपुर में महिला कैशियर पर 7.50 लाख रुपए के गबन का आरोप

जबलपुर में महिला कैशियर पर 7.50 लाख रुपए के गबन का आरोप

जबलपुर: जिले में अमानत में खयानत के मामले में पुलिस ने एक महिला कैशियर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने परिवार के सदस्यों और फर्म के बैंक खातों से हस्ताक्षरित चेक के जरिए करीब साढ़े 7 लाख रुपए निकाल लिए।

महिला एक निजी फर्म में कैशियर के पद पर काम करती थी

आरोपी महिला एक निजी फर्म में पिछले करीब 10 महीने से कैशियर के पद पर काम कर रही थी। शनिवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

विकास नेमा ने मदनमहल थाने में शिकायत दर्ज कराई

गोरखपुर निवासी विकास नेमा ने मदनमहल थाने में शिकायत दर्ज कराई कि, पुराना बस स्टैंड स्थित सुखेजा टावर के पास उनकी विक्रांत ग्रुप नाम से फर्म है। इसमें कई कर्मचारी काम करते हैं। रजा चौक, हनुमानताल निवासी खुशबू चौधरी करीब 10 महीने से फर्म में कैशियर थी। उसके पास विकास और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के बैंक खातों के हस्ताक्षरित चेक रहते थे।

विकास नेमा के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12.30 बजे पंजाब नेशनल बैंक की मदनमहल शाखा से उनकी पत्नी मंजरी नेमा को चेक की पुष्टि के लिए कॉल आया। इसके बाद वे बैंक पहुंचे। वहां पता चला कि प्रियंका प्रजापति और अमित लोधी चेक लेकर भुगतान कराने आए हैं।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि खुशबू चौधरी ने चेक में राशि भरकर उन्हें नकदी निकालने के लिए भेजा था। उन्होंने 20 नवंबर को ही पीएनबी की विजयनगर शाखा से 50 हजार रुपए निकालकर खुशबू को देने की बात भी बताई।

बैंक में विकास की भाभी अनीता नेमा के खाते से 3 लाख रुपए और पत्नी मंजरी नेमा के खाते से 2.50 लाख रुपए के चेक भी मिले, लेकिन उनका भुगतान नहीं हो सका।

अलग-अलग खातों से निकाले रुपए

शिकायत के मुताबिक, खुशबू ने अलग-अलग बैंकों से चेक के जरिए रकम निकाली। इसमें पीएनबी की विजयनगर और अधारताल शाखाओं से अनीता नेमा के खाते से 50-50 हजार रुपए निकाले गए।

वहीं, बैंक ऑफ बड़ौदा की राइट टाउन शाखा से विक्रांत नेमा के खाते से 2 लाख, मंजरी नेमा के खाते से 2 लाख और बेटे अंश नेमा के खाते से 2.50 लाख रुपए निकाले गए। इस तरह कुल 7.50 लाख रुपए का गबन किया गया।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में सांडों की भिड़ंत से मची अफरा-तफरी: कारों की छत और बोनट तोड़े

 आरोपी महिला को जेल भेजा

विकास नेमा की शिकायत पर मदनमहल पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस ने 24 वर्षीय खुशबू चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने फर्म के सदस्यों के हस्ताक्षरित चेक से निकाली गई रकम अपने पास होने की बात बताई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पूरी 7.50 लाख रुपए की रकम जब्त कर ली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन