जकार्ता: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार को समुद्र के बीच एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय फेरी में 271 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। अब तक 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 41 लोग अब भी लापता हैं। उन्हें खोजने के लिए समुद्र में बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
समुद्र के बीच मची चीख-पुकार
बता दें आग लगते ही फेरी में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी, जबकि कई लोग लाइफबोट के सहारे बाहर निकाले गए। राहत दल और बचावकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सैकड़ों लोगों की जान बचाई।
कैप्टन के अलर्ट के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी बासारनास के मुताबिक, जहाज के कैप्टन ने आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को दी थी। इसके तुरंत बाद नौसेना, कोस्ट गार्ड और रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया। लापता लोगों की तलाश अभी भी लगातार जारी है।
यह भी पढ़ें-
Trump on Iran: ट्रम्प ने टाला सैन्य हमला, बोले- परमाणु खतरा खत्म करने पर बनी सहमति
सुराबाया से मकासर जा रही थी फेरी
जानकारी अनुसार, हादसे का शिकार हुई फेरी पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर की ओर जा रही थी। यात्रा के दौरान मदुरा द्वीप के पास अचानक आग भड़क उठी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और अधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि कई लोग अब भी लापता हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और हर संभावित स्थान पर तलाश की जा रही है।
वियतनाम हादसे के बाद फिर दहला दक्षिण-पूर्व एशिया
कुछ ही सप्ताह पहले, 11 जुलाई को दक्षिणी वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास एक स्पीडबोट पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी। अब इंडोनेशिया में हुआ यह हादसा एक बार फिर समुद्री सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

