नई दिल्ली: देश में जल्द ही ₹10 और ₹20 के पॉलीमर यानी प्लास्टिक नोटों का फील्ड ट्रायल शुरू हो सकता है। केंद्र सरकार ने दोनों मूल्यवर्ग के पॉलीमर बैंक नोटों के परीक्षण को मंजूरी दे दी है। इसके तहत ₹10 और ₹20 के 100-100 करोड़ पॉलीमर नोट जारी किए जाएंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को राज्यसभा में एक लिखित जवाब के जरिए यह जानकारी दी।
RBI ने भेजा था ट्रायल का प्रस्ताव
वित्त मंत्री के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ₹10 और ₹20 के 100-100 करोड़ पॉलीमर नोटों के फील्ड ट्रायल का प्रस्ताव सरकार को भेजा था। सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
फील्ड ट्रायल के दौरान इन नोटों के इस्तेमाल और टिकाऊपन का आकलन किया जाएगा। ट्रायल के परिणाम के आधार पर आगे इन नोटों को नियमित रूप से जारी करने पर फैसला लिया जाएगा।
कागज के नोटों के साथ चलेंगे पॉलीमर नोट
RBI के अनुसार, पॉलीमर नोटों को मौजूदा कागज से बने नोटों के साथ ही प्रचलन में लाया जाएगा। यानी पॉलीमर नोट जारी होने के बाद कागज के ₹10 और ₹20 के नोट भी चलते रहेंगे।
पॉलीमर नोटों को कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ माना जाता है। ऐसे नोटों के फील्ड ट्रायल के जरिए सरकार और RBI इनके इस्तेमाल से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों और टिकाऊपन का आकलन करेंगे।

