मुंबई। देश की सबसे बड़ी तेल और गैस कंपनी ONGC के मुंबई हाई एसेट में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। SHP प्लेटफॉर्म पर करीब 5:45 बजे अचानक आग भड़क उठी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, कंपनी की क्विक इमरजेंसी टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए हालात को काबू में कर लिया।
तेज एक्शन से टला बड़ा खतरा
ONGC ने जानकारी दी कि आग लगते ही इमरजेंसी प्रोटोकॉल एक्टिव कर दिए गए थे। दमकल और सुरक्षा टीमों की तेजी के चलते आग को फैलने से पहले ही बुझा लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
10 कर्मचारी घायल, हालत स्थिर
बता दें इस घटना में 10 कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत मेडिकल सहायता दी गई और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कंपनी ने आश्वस्त किया है कि सभी का बेहतर इलाज जारी है।
ऑपरेशन फिर पटरी पर
राहत की बात यह है कि आग पर काबू पाने के बाद प्लेटफॉर्म पर कामकाज दोबारा सामान्य कर दिया गया है। ONGC ने बताया कि प्रोडक्शन और अन्य गतिविधियां बिना किसी बड़ी बाधा के फिर से शुरू हो गई हैं।
फिलहाल आग लगने के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। कंपनी ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा करने की बात कही है।


