Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsइंदौर के सयाजी होटल में खाद्य विभाग का छापा: बिना पैकिंग डेट...

इंदौर के सयाजी होटल में खाद्य विभाग का छापा: बिना पैकिंग डेट के नॉनवेज मिला; किचन में कॉकरोच-चूहे भी मिले

इंदौर: शहर के प्रतिष्ठित सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पकड़ी हैं। दिल्ली की खाद्य विभाग की टीम के साथ इंदौर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटल के किचन, स्टोरेज एरिया और खाद्य सामग्री की जांच की।

निरीक्षण के दौरान करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग डेट के मिली। इसके अलावा खाद्य सामग्री के भंडारण, तापमान और स्वच्छता व्यवस्था में भी कई खामियां सामने आईं। टीम ने मौके से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

एक ही कोल्ड स्टोरेज में वेज-नॉनवेज सामग्री

जांच के दौरान टीम को खाद्य सामग्री निर्धारित तापमान पर स्टोर नहीं किए जाने की जानकारी मिली। वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। सी-फूड, चिकन और मटन भी एक साथ स्टोर मिले।

इसके अलावा उबले हुए आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग मिली। कुछ टेट्रापैक लीक पाए गए, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका सामने आई। पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं था।

बिना लेबल और संदिग्ध स्टोरेज वाली सामग्री मिली

निरीक्षण के दौरान कई खाद्य उत्पाद बिना लेबल के पाए गए। स्टोरेज एरिया में फ्रोजन डेजर्ट भी मिला, जबकि होटल के मेन्यू में इसे आइसक्रीम के रूप में दर्शाया गया था। टीम ने खाद्य सामग्री के रखरखाव और पैकेजिंग से जुड़े नियमों के पालन की भी जांच की।

किचन में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी

स्वच्छता व्यवस्था की जांच में भी कई खामियां सामने आईं। ड्राई स्टोरेज और नॉनवेज स्टोरेज में जंग लगी सामग्री मिली। फूड प्रिपरेशन प्लेटफॉर्म पर भी रस्ट पाया गया। किचन और स्टोरेज एरिया में कॉकरोच और चूहों की लीद मिली। निरीक्षण के दौरान चूहे भी पाए गए। ड्राई स्टोरेज की दीवार और फर्श में दरारें मिलीं।

इसके अलावा स्टोर में सड़े हुए टमाटर और आलू तथा मूंगफली में फंगस पाया गया। कई खाद्य सामग्री दीवार से सटाकर और बिना पैलेट के सीधे जमीन पर रखी गई थी। पैलेट के नीचे भी गंदगी मिली।

कमरे के तापमान पर रखी थी ग्रेवी

जांच के दौरान ग्रेवी को रूम टेम्परेचर पर स्टोर किया हुआ पाया गया। वहीं, कचरा प्रबंधन की व्यवस्था में भी कमी सामने आई। डस्टबिन में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी।

होटल के लाइसेंस को लेकर भी सवाल

निरीक्षण में होटल के लाइसेंस से संबंधित भी कुछ आपत्तियां सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार होटल के लाइसेंस में नॉनवेज शामिल नहीं होने के बावजूद नॉनवेज खाद्य सामग्री रखी गई थी।

इसी तरह लाइसेंस में बेकरी और स्वीट्स शामिल नहीं होने के बावजूद होटल में इन-हाउस बेकरी और मिठाई तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। टीम ने फाइव स्टार श्रेणी के होटल के सेंट्रल लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। इसके अलावा इस्तेमाल किए गए जले हुए तेल को ड्रेनेज में डालने की बात भी निरीक्षण के दौरान सामने आई।

पनीर और नॉनवेज समेत कई सैंपल लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से पनीर, रॉ नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ और ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। इन सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

फिलहाल विभाग की कार्रवाई और जांच जारी है। निरीक्षण रिपोर्ट और लैब जांच के परिणाम के आधार पर होटल प्रबंधन के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन