बालाघाट। जिले के मोहगांव खुर्द में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष और उपसरपंच पवन पारधी पर हुए जानलेवा हमले की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि पवन पारधी देर रात एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात लगभग 11 बजे रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और अचानक हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने पहले मारपीट की और उसके बाद गले की सोने की चैन, कान की बाली और करीब 50 हजार रुपये नगद लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और समर्थक मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि पीड़ित द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला कायम कर लिया है।
वहीं घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय का माहौल बनता जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।

