बालाघाट। संयुक्त कांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक किशोर समरीते ने आदिवासी विकास विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मुख्य सचिव अनुराग जैन से जांच की मांग की है। इसी के साथ पूर्व विधायक ने मुख्य सचिव को पत्र भी लिखा है।
भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
पूर्व विधायक समरीते ने आरोप लगाया है कि- मध्यप्रदेश में आयुक्त आदिवासी विकास और सहायक आदिवासी विकास कार्यालयों में जेम (GEM) के माध्यम से सामग्री खरीदी में व्यापक भ्रष्टाचार किया गया है। पूर्व विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि- बालाघाट, मण्डला, सिवनी, खण्डवा, छिंदवाड़ा, बैतूल, अलीराजपुर, झाबुआ में गंभीर अनियमितता की गई है।
उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय बालाघाट में जेम से रोटी बनाने की मशीन खरीदी में की गई अनियमितता की शिकायत पत्र के साथ संलग्न की है। उनका कहना है कि- वर्ष 2022 से मध्यप्रदेश के आदिम जाति कल्याण विभाग में सौर उर्जा से चलने वाले वाटर हिटर लगाने के लिए 200 करोड़ रूपये सभी जिलों के सहायक आयुक्तों को दिया गया है, लेकिन कहीं भी सौर उर्जा के वाटर हीटर नहीं लगे हैं। बच्चे ठण्डे पानी में स्नान कर रहे हैं। इस मामले को लेकर बालाघाट जिला सहित सभी 55 जिलों में जांच करवाने की मांग की है।

