भोपाल: मध्यप्रदेश की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बिसेन चार बार विधायक रह चुके हैं और बालाघाट से सांसद के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पेशे से डॉक्टर और किसान रहे बिसेन की नियुक्ति पर प्रदेश के भाजपा नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
बीजेपी नेताओं ने शुभकामाएं दी
पूर्व मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति पर मध्य प्रदेश के नेताओं ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मंत्री प्रहलाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय ने डॉ. बिसेन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। इधर, मप्र के राज्यपाल मंगू भाई पटेल का भी कार्यकाल पूरा हो चुका है, लेकिन उनका कार्यकाल बढ़ाने या नई नियुक्ति के बारे में अभी फैसला नहीं हुआ है।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का प्रदेश की राजनीति में लंबा अनुभव
डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के रहने वाले हैं। उनका प्रदेश की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। वे विधायक, कैबिनेट मंत्री और सांसद के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्ष 2019 में वे बालाघाट लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए थे। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उनकी जगह भारती पारधी को उम्मीदवार बनाया था। अब उन्हें राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में लिफ्ट में फंसे पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, 15 मिनट तक अटकी रही लिफ्ट
आयुर्वेद व होम्योपथी के चिकित्सक हैं बिसेन
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत विधानसभा चुनावों से की और चार बार विधायक चुने गए। वे पहली बार 1990 में मध्य प्रदेश विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 1993, 1998 और 2003 में भी विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 2003 से 2005 तक उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया। इसके अलावा, वर्ष 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे। राजनीति के साथ उनका जुड़ाव सामाजिक कार्यों से भी रहा है। वे आयुर्वेद और होम्योपैथी के चिकित्सक भी हैं। उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति को उनके लंबे राजनीतिक अनुभव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

