रतलाम: जिले से गुजर रहे दिल्ली मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह दो हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। 8 घायल हैं। पहले हादसे का समय सुबह करीब साढ़े 4 और दूसरे एक्सीडेंट का वक्त सुबह करीब साढ़े 6 बजे बताया गया है।
दोनों कारों में सवार दो-दो लोगों की जान गई है। वे पंजाब और गुजरात के रहने वाले थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया ने कहा- पहला हादसा सुबह करीब साढ़े 4 बजे हुआ। पंजाब का परिवार कार से मुंबई जा रहा था। इसी बीच ड्राइवर को झपकी लगने से उनकी कार 8 लेन के बीच बनी रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में नरेंद्र कौर (67) और उनकी बहू मनप्रीत कौर (32) की मौत हुई है।
सुबह दूसरी गाड़ियों के ड्राइवर से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जावरा के अस्पताल पहुंचाया। यहां से उनको रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ेंं: टीकमगढ़ में कांग्रेस को मजबूती, पांच पार्षदों की हुई घर वापसी
टूटी रेलिंग की वजह से दूसरा हादसा
टीआई गडरिया ने कहा कि सुबह करीब साढ़े 6 बजे पुलिसकर्मी मौका मुआयना कर रहे थे, इसी दौरान कार हवा में उछलते हुए रोड के बीच बनी बाउंड्री से टकराकर खाई में आ गिरी।
पहली कार की टक्कर से रेलिंग टूट गई थी। इसी वजह से दूसरी कार भी हादसे की शिकार हुई। इसमें गुजरात के दाहोद का परिवार था, जो उत्तर प्रदेश से इलाज करवाकर आ रहा था। इस कार में सवार दो पुरुषों की मौत हुई है।

