भोपाल/उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित परिवारों और दुकानदारों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। जिन परिवारों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए स्वेच्छा से अपने मकान दिए हैं, उन्हें सरकार मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में नि:शुल्क आवास उपलब्ध कराएगी। वहीं, प्रभावित दुकानदारों को विकसित मार्केट में दुकानें दी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने 17 नवंबर को उज्जैन में चिड़ियाघर और रेस्क्यू सेंटर का भूमिपूजन करने की भी घोषणा की। इस दौरान उन्होंने शहर को 1211.34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को उज्जैन में दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में जिन परिवारों ने अपने मकान उपलब्ध कराकर सहयोग किया है, उनके आवास की व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी है। नगर निगम और कलेक्टर को ऐसे परिवारों के लिए मल्टीस्टोरी आवासीय योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार उन्हें नि:शुल्क मकान उपलब्ध कराएगी।
प्रभावित दुकानदारों के लिए बनेंगे मार्केट
डॉ. यादव ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से जिन दुकानदारों की दुकानें प्रभावित हुई हैं, उन्हें भी राहत दी जाएगी। इसके लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण और नगर निगम अलग-अलग स्थानों पर मार्केट विकसित करेंगे। इनमें प्रभावित दुकानदारों को दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर का विकास करते समय यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि किसी परिवार की रोजी-रोटी और आवास प्रभावित न हो।
किसानों को चार गुना मुआवजा
मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए जमीन देने वाले किसानों को अधिग्रहण के बदले चार गुना मुआवजे के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मेला क्षेत्र में नई सड़कों के निर्माण के साथ सीवर लाइन का विस्तार भी किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: रीवा में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान, बोले- किसान तीन महीने काम करते हैं, नौ महीने ताश खेलते हैं
अंगारेश्वर और गढ़कालिका क्षेत्र का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में 1211.34 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास और जीर्णोद्धार कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें शिप्रा नदी के तट पर स्थित अंगारेश्वर महादेव मंदिर और गढ़कालिका माता मंदिर के तीर्थ क्षेत्र का विकास भी शामिल है। उन्होंने कहा कि उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ शहर की अधोसंरचना मजबूत की जा रही है।
डॉ. यादव ने कहा कि महाकाल महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। वर्ष 2022 के बाद शहर में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। सरकार सिंहस्थ-2028 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर रही है।

