गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले की कोपरा नगर पंचायत में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कचरा निस्तारण के लिए बनाए गए गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 5 से 6 वर्ष के योगेश और सुमन साहू खेलते-खेलते कचरा गड्ढे के पास पहुंच गए। आशंका है कि दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था।
क्या खुले मौत के गड्ढों की जिम्मेदारी तय होगी?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आबादी के बीच इतना गहरा और पानी से भरा गड्ढा बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के कैसे छोड़ दिया गया? यदि वहां बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा इंतजाम होते, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत और संबंधित विभाग की लापरवाही ने दो मासूम जिंदगियां छीन लीं। अब लोग जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
प्रशासन से उठी जवाबदेही की मांग
वहीं इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर बने ऐसे खतरनाक गड्ढों को सुरक्षित करना स्थानीय प्रशासन और नगर पंचायत की जिम्मेदारी है। लोगों ने मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और प्रदेशभर में ऐसे सभी स्थानों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।

